सिधिविनायक टाइम्स शिमला। विकास खंड धर्मशाला की ग्राम पंचायत तंगरोटी खास में आयोजित एंटी-चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम में आज उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या को समाज के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि चिट्टा युवाओं के भविष्य को नष्ट कर रहा है और इसे रोकने के लिए प्रशासन तथा समाज दोनों को मिलकर काम करना होगा। उपायुक्त ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने, उनके व्यवहार में आ रहे बदलावों को समझने और समय-समय पर स्कूल बैग की जांच करने की अपील की।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/congress-govts-tenure-a-dark-chapterbjp-sanjay-sharma/
उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और तकनीकी कौशल में लगाकर सफल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत तुरंत 112 नंबर पर दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, नशा निवारण समिति के सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नशा-मुक्त समाज की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जताई।





















