राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सिहुन्ता, भटियात के छात्र-छात्राओं ने तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पहुंचकर सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। खास बात यह रही कि सभी विद्यार्थी विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के निर्वाचन क्षेत्र से सम्बन्ध रखते हैं।
कार्यवाही देखने से पूर्व विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अध्यक्ष पठानिया ने बच्चों को सदन में होने वाली प्रक्रियाओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा कानून निर्माण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं, जहां जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है। विपक्ष सरकार से सवाल पूछता है और सत्ता पक्ष उन सवालों का जवाब देता है।
अध्यक्ष पठानिया ने विद्यार्थियों को समझाया कि प्रदेश और देश के कानून बनाने व पारित करने का अधिकार केवल विधान सभा और लोकसभा को है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का संविधान सर्वोच्च है और यही हमें शक्तियों का सही उपयोग करने का मार्ग दिखाता है। भारत का संघीय ढांचा आजादी के बाद से लगातार मजबूत हुआ है और युवाओं की बढ़ती रुचि लोकतंत्र को और सक्षम बनाती है।
उन्होंने बताया कि ऐसे अध्ययन दौरे युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और उन्हें देश की शासन व्यवस्था को समझने में मदद करते हैं। पठानिया ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती देने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

















