हमीरपुर के विश्राम गृह में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की नई रणनीति साझा की। उन्होंने हमीरपुर जिला के पांचों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को सम्मानित करते हुए धर्मशाला में संपन्न हुई 10 दिवसीय विशेष कांग्रेस कार्यशाला के निष्कर्षों पर विस्तृत चर्चा की। सुमन भारती ने बताया कि इस कार्यशाला में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए संगठन मजबूती के टिप्स ने हिमाचल कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। राहुल गांधी के जोश और उत्साह को देखकर पूरे प्रदेश का संगठन उत्साहित है और अब उनके द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को जिला के हर ब्लॉक में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
संगठन की सक्रियता को बढ़ाने के उद्देश्य से सुमन भारती ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी अब गांव-गांव के हर घर तक अपनी पहुंच बनाएगी। इसके लिए उन्होंने विशेष रूप से ‘एक गांव एक रात’ कार्यक्रम की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत सुमन भारती स्वयं गांवों में जाकर बसेरा करेंगे और रात्रि विश्राम के दौरान स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियों और जनहित की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताएंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला में कांग्रेस के कामकाज को गति देने के लिए जल्द ही जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा ताकि हर स्तर पर पार्टी की पकड़ को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।





















