हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्हें भाजपा के लिए ‘लकी स्टार प्रचारक’ करार दिया है। मंडी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने हाल ही में पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में जहां भी चुनाव प्रचार किया, वहां कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 650 वोट मिले और उसकी जमानत तक जब्त हो गई।
ठाकुर ने मुख्यमंत्री के ईवीएम पर दिए गए बयानों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि जिस सिस्टम के जरिए कांग्रेस हिमाचल में सत्ता में आई, अब हार मिलने पर उसी पर सवाल उठाना उनकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू केवल झूठ की राजनीति करते हैं, जिसे अब न केवल प्रदेश बल्कि देश की जनता भी समझ चुकी है और यही कारण है कि उनके प्रचार का कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।



















