शिमला, 2 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय और निष्ठावान रहने का आह्वान किया है। आज शिमला स्थित राजीव भवन में नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाना हर पदाधिकारी का प्राथमिक कर्तव्य है। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि वे कांग्रेस के विस्तार और मजबूती के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
विनय कुमार ने आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि इन चुनावों में उन समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जो लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को आगे लाने और उन्हें नेतृत्व का अवसर देने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और आपसी तालमेल के साथ जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।



















