शिमला/किन्नौर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज किन्नौर जिले के टापरी में स्थापित विश्व की पहली भू-तापीय ऊर्जा (Geothermal Energy) संचालित सेब कोल्ड स्टोरेज एवं फल सुखाने की संयुक्त इकाई का विस्तृत निरीक्षण किया। 1,000 टन क्षमता वाली यह आधुनिक सुविधा एचपीएमसी और आइसलैंड की एक कंपनी के बीच हुए समझौते के तहत विकसित की गई है जो पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों में एक नया वैश्विक मानक स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जानकारी साझा की कि पिछले दो वर्षों के दौरान इस इकाई में कुल 16,963 किलोग्राम फलों का सफलतापूर्वक प्रसंस्करण किया गया है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच 5,105 किलोग्राम और जून 2025 से जनवरी 2026 के बीच 11,948 किलोग्राम फल प्रसंस्कृत किए गए हैं। बिजली पर निर्भर पारंपरिक प्रणालियों के विपरीत यह इकाई क्षेत्र में उपलब्ध गर्म तापीय जलस्रोतों की प्राकृतिक ऊष्मा का उपयोग करती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह अनूठी तकनीक आने वाले वर्षों में स्थानीय बागवानों के लिए अत्यधिक लाभकारी सिद्ध होगी। इस दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सहित शासन और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
















