शिमला, 27 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान धरेच और चियोग में विकास कार्यों को गति देते हुए 51.10 करोड़ रुपये की 15 परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2.85 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित चियोग बाईपास सड़क का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया जिनमें 15.23 करोड़ की फागू-धरेच सड़क, 7.85 करोड़ की धरेच-चटोग और 4.81 करोड़ की डरन-जुब्बड़ सड़क प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने खेती जुब्बड़ से खद्ररव, फागु से सरिऊ, बंगापानी से चडैल, चियोग से जठाई और धलेऊ से जनू नाला जैसी कई अन्य लिंक रोड परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने धरेच में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत घर का भी शिलान्यास किया। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से कसुम्पटी क्षेत्र के ग्रामीणों और बागवानों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय बुनियादी ढांचे में भी बड़ा सुधार होगा।


















