देहरा/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के उपमंडल देहरा के अंतर्गत ढलियारा क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ते हुए करीब 60 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि करीब 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सभी श्रद्धालु पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले थे और माता के दर्शनों के लिए हिमाचल आए थे। पंजाब से रवाना होने के बाद इन श्रद्धालुओं ने पहले मां चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेका और उसके बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मां ज्वालाजी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वाहन ढलियारा के खतरनाक तीखे मोड़ पर पहुँचा, चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे गहरी खाई में समा गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 37 लोग सवार थे। जैसे ही ट्रॉली खाई में गिरी, चारों ओर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुँच गई है और मामले की आगामी जाँच की जा रही है।














