भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार न केवल झूठ बोलने में माहिर है, अपितु यह झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए एक साल पूरा हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने मीडिया के माध्यम से हिमाचलवासियों को बताया कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार ने 10 महीने में 11 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण व कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने कहा कि यह सूचना गलत है, जिस पर भाजपा ने आरटीआई के माध्यम से ली गई सूचना को मीडिया को प्रेषित किया है। इसके बावजूद सरकार के नेता झूठ बोलकर यह सिद्ध करने में लगे हैं कि उनकी सरकार आने के बाद उन्होंने 11 हजार करोड़ रुपये का कर्ज नहीं लिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के आंकड़ों से जानकारियां इकट्ठा कीं और जो जानकारियों के पत्र हैं, उनके अनुसार वर्तमान कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर 2022 को सत्ता में आई उसके उपरांत 19 जनवरी 2023 को 1500 करोड़, 16 फरवरी को 2000 करोड़, 16 मार्च को 1500 करोड़, 24 मार्च को 1700 करोड़ का ऋण ले चुकी है । इसी प्रकार 1 जून 2023 को 800 करोड़, 28 जून को 1000 करोड़, 31 अगस्त को 500 करोड़, 12 अक्टूबर को 1000 करोड़ और 19 नवंबर 2023 को 800 करोड़ का ऋण ले चुकी है। अभी तक यह सरकार 10800 करोड़ का ऋण ले चुकी है । जनवरी से मार्च 2023 तक इस सरकार ने 6700 करोड़ का लोन लिया और मार्च से नवंबर 2023 तक इस सरकार ने 4100 करोड़ का लोन लिया।