सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। धर्मशाला: आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महनुता, रायपुर, रैत, डाढ़, ज्वालामुखी, बरबाता, आधुनिक पब्लिक स्कूल धर्मशाला, हिमालयन पब्लिक स्कूल चुवाड़ी और राजकीय उच्च विद्यालय बलूही खास के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने हि०प्र० विधान सभा का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही को नजदीक से देखा। मुलाकात के दौरान छात्रों ने संसदीय प्रणाली, विधायकों की भूमिकाओं, पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारियों और सत्र संचालन से संबंधित कई प्रश्न पूछे।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/political-confrontation-escalatesassemopposition-lasheathi-charge/
अध्यक्ष पठानियां ने छात्रों को लोकतंत्र की मूल बातें समझाते हुए बताया कि विधायक का चुनाव सीधे जनता द्वारा होता है और संविधान के तहत कानून बनाने का कार्य लोकसभा और विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में आता है। उन्होंने डॉ. भीम राव अंबेडकर द्वारा भारतीय संविधान की रचना और इसकी महत्वता पर भी प्रकाश डाला। पठानियां ने छात्रों को बताया कि युवा ही लोकतंत्र के संरक्षक हैं और वे राष्ट्र निर्माण में विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से योगदान दे सकते हैं। छात्रों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित करते हुए उन्होंने शुभकामनाएँ दी। इस दौरान उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां और विधायक संजय रत्न भी उपस्थित रहे।
























