सुंदरनगर : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलौहड़ बूथ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही जिला, मंडल पदाधिकारी एवं बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का मूल आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि “बूथ सशक्तिकरण ही भाजपा की चुनावी जीत की असली ताकत है और हमें हर बूथ को इतना मजबूत बनाना है कि पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचे।”
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है, जिसका श्रेय करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार केवल झूठे वादों और घोषणाओं तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की नीतियों से निराश हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा अब पूरी तरह चुनावी मोड में है और कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करें और भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

















