शिमला।
चार लोकसभा सीट और दो विधानसभा सीट जीतने पर प्रदेश काफी खुश नज़र आ रही है। हालांकि चार विधानसभा सीट पर भाजपा को हार का सामना भी करना पड़ा है जिसके बाद भाजपा चुनावी नतीजों पर मंथन करने में जुट गई है। शिमला दीपकमल में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई और उपचुनाव में हार के कारणों पर मंथन भी किया। साथ की आगामी तीन विधानसभा उप चुनाव में जीत को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहें। राजीव बिंदल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा को हिमाचल में चारों सीट पर जीत मिली है और 68 में से 61 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को लीड मिली है। दो विधानसभा उप चुनाव भी भाजपा जीती है। कोर ग्रुप ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने और जेपी नड्डा को मंत्री बनने पर बधाई भी दी।
पार्टी में कार्यकर्ता स्थाई, दायित्व में होता रहता है बदलाव : अनुराग ठाकुर
हमीरपुर से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक के लिए शिमला पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा बीजेपी ने उनको बहुत कुछ दिया है। पांच बार सांसद, युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री सहित कई महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियां पार्टी ने दी है और पार्टी में कार्यकर्ता हमेशा रहता है, जबकि दायित्व बदलता रहता है। पार्टी जो भी आदेश करेगी वो एक कार्यकर्ता के रूप में उसे निभाएंगे। दस वर्षों में मोदी सरकार ने हिमाचल को बहुत कुछ दिया है। अब हिमाचल से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को बड़ा मंत्रालय दिया है जिससे प्रदेश का विकास आगे बढ़ेगा। 4 लोकसभा व 3 राज्यसभा सांसद उनके साथ प्रदेश का विकास करने में सहयोग देंगे।
तीन उपचुनाव में इन्हें दी जिम्मेदारी
10 जुलाई को होने वाले तीन विधानसभा के उपचुनावों (नालागढ़, देहरा और हमीरपुर) को देखते हुए बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने चुनाव प्रभारियों, सह प्रभारियों, संयोजकों और सह संयोजकों की नियुक्तियां कर दी हैं। विधानसभा नालागढ़ में सुखराम चौधरी मा. विधायक एवं प्रभारी शिमला संसदीय क्षेत्र को प्रभारी का दायित्व दिया गया है, जबकि डॉ सिकंदर कुमार मा. राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री को संयोजक, डॉ. राजीव सैजल मा. प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री को सह प्रभारी और बलवीर वर्मा, मा. विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता को सह संयोजक नियुक्त किया है।
विधानसभा देहरा में विपिन परमार मा. विधायक एवं प्रभारी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को प्रभारी का दायित्व दिया गया है, जबकि बिक्रम ठाकुर मा. विधायक एवं पूर्व मंत्री को सह प्रभारी, राकेश जम्वाल मा. विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता को संयोजक और पवन काजल मा. विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष को सह संयोजक नियुक्त किया है।
विधानसभा देहरा में विपिन परमार मा. विधायक एवं प्रभारी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को प्रभारी का दायित्व दिया गया है, जबकि बिक्रम ठाकुर मा. विधायक एवं पूर्व मंत्री को सह प्रभारी, राकेश जम्वाल मा. विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता को संयोजक और पवन काजल मा. विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष को सह संयोजक नियुक्त किया है।
विधानसभा हमीरपुर में रणधीर शर्मा मा. विधायक एवं मीडिया प्रभारी को प्रभारी का दायित्व दिया गया है, जबकि त्रिलोक जम्वाल मा. विधायक एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री को सह प्रभारी, बिहारी लाल शर्मा मा. प्रदेश महामंत्री को संयोजक और दलीप ठाकुर मा. विधायक को सह संयोजक नियुक्त किया है।