सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। जिला सिरमौर के हरिपुरधार में निजी बस (HP-64-6667) के गहरी खाई में गिरने से हुई भीषण दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। इस हादसे में 12 यात्रियों की मौत हुई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
अग्निहोत्री ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन और सिविल अस्पताल सोलन में भर्ती कराकर आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उप मुख्यमंत्री ने हादसे के कारणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के भी आदेश दिए।





















