सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। अंतरराष्ट्रीय विंटर कार्निवल मनाली की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन बड़े ही भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर राज्य मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जबकि कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के अध्यक्ष मियां राम सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम मनाली रमन शर्मा द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को पारंपरिक रूप से सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/et-organizational-boost-under-naddans-leadership-suresh-kashyap/
इस सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न कलाकारों द्वारा लोकनृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजन के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विद्या नेगी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिससे कार्यक्रम को विशेष महत्व प्राप्त हुआ। अतिथियों ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय विंटर कार्निवल को पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण मिलता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासन, आयोजक समिति एवं स्थानीय जनता का विशेष सहयोग रहा।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















