सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर राष्ट्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में चल रही प्रक्रिया में हिमाचल प्रदेश की भाजपा टीम की उपस्थिति ने पार्टी के संगठनात्मक लोकतंत्र और अनुशासन को एक बार फिर उजागर किया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय से भेजी गई टीम में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, हिमाचल सह प्रभारी संजय टंडन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा में नेतृत्व चयन का यह तंत्र पारदर्शी, लोकतांत्रिक और संगठन-आधारित है, जो पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कटवाल ने बताया कि भाजपा का ‘संगठन पर्व’ केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा, कैडर-आधारित संरचना और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों में निर्णय अक्सर परिवारवाद या बंद कमरों में लिए जाते हैं, जबकि भाजपा में जिम्मेदारियां कार्यकर्ता स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक लोकतांत्रिक तरीके से तय की जाती हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/agenda-on-paper-nothing-on-ground-kashyaps-sharp-attack-on-sukhu-govt/
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संगठनात्मक अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और वैचारिक प्रतिबद्धता का परिचायक है। संजय कटवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से आए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति यह संदेश देती है कि प्रदेश संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ पूरी निष्ठा से खड़ा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस प्रक्रिया को उत्सव के रूप में मनाता है और संगठन के निर्णयों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की एकता और अनुशासन ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाते हैं और यही वजह है कि पार्टी देश की सबसे मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभर रही है। कटवाल ने यह भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प भाजपा के मजबूत संगठनात्मक ढांचे से ही साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की लोकतांत्रिक परंपराएं और संगठनात्मक संस्कृति ही भाजपा को देश के विकास के मार्ग पर अग्रसर रखने में मदद कर रही हैं।




















