सिधिविनायक टाइम्स शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास झूठे बयानों के अलावा दिखाने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को सुधारने में पूरी तरह असफल रही है और केवल कर बढ़ाने व कर्ज लेने के सहारे शासन चला रही है। आत्मनिर्भर हिमाचल की बात करने वाली सरकार अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कौन-से ठोस कदम उठाए गए हैं।जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के दावे सिर्फ भाषणों और आंकड़ों की बाजीगरी तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उद्योग, निवेश और रोजगार की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले किए गए वादों के उलट कांग्रेस सरकार ने उद्योगों को हतोत्साहित किया और निवेशकों के लिए प्रतिकूल माहौल बना दिया, जिससे प्रदेश की आर्थिकी को गहरा नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/important-noticeupdate-your-mobile-number/
पूर्व सरकार की स्वरोजगार योजनाएं बंद होने और अधूरे प्रोजेक्ट्स के कारण युवा उद्यमी परेशान हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि सरकार के पास वास्तविक उपलब्धियां होतीं तो तीन साल के जश्न में केंद्र सरकार या पूर्व सरकार को कोसने के बजाय जनता के सामने अपनी योजनाएं रखती। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा कार्यकाल आपसी कलह, सत्ता संघर्ष और शक्ति प्रदर्शन में ही बीत गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और यह स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार दिशा और दूरदृष्टि से विहीन होकर केवल घोषणाओं के सहारे चल रही है।





















