हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज सुबह से खिली धूप ने लोगों को ठंड से काफी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक यानी कल और परसों भी प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है और लोगों को सुकून भरी धूप का आनंद मिलेगा। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है, क्योंकि 16 अप्रैल से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 18 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि इस बार अप्रैल महीने में सामान्य से कहीं अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 12 अप्रैल के बीच जहां सामान्य तौर पर 25.4 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस वर्ष अब तक 58 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य से 128 प्रतिशत अधिक है।

















