चंडीगढ़, 11 अप्रैल: पंजाब में बेमौसमी बारिश से प्रभावित किसानों की सुध लेने और फसलों को हुए नुकसान का जमीनी आकलन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। भाजपा पंजाब ने राज्य के दस प्रमुख प्रभावित जिलों के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है, जो सीधे खेतों में जाकर किसानों से फीडबैक लेंगी। प्रदेश महासचिव अनिल सरीन द्वारा जारी सूची के अनुसार, इन टीमों में पार्टी के दिग्गज और वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
रणनीति के तहत फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब की जिम्मेदारी मनप्रीत सिंह बादल, सुजीत ज्याणी और अश्वनी सेखरी जैसे नेताओं को सौंपी गई है, जबकि फिरोजपुर और बठिंडा में राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, जगमीत सिंह बराड़ और सुशील रिंकू स्थिति का जायजा लेंगे। बरनाला और संगरूर के लिए केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, महारानी परनीत कौर और केवल सिंह ढिल्लों की टीम तैनात की गई है। वहीं, अमृतसर और पठानकोट में विजय सांपला, श्वेत मलिक और फतेह जंग सिंह बाजवा मोर्चा संभालेंगे। इसके अलावा होशियारपुर और कपूरथला के लिए मनोरंजन कालिया, अविनाश खन्ना और शीतल अंगुराल जैसे नेताओं को नियुक्त किया गया है। भाजपा का यह अभियान प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक नुकसान का पता लगाकर किसानों की आवाज को प्रमुखता से उठाने के लिए शुरू किया गया है।















