सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज छात्र संसद कार्यक्रम के दौरान देश के नामी शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों से संवाद किया। इस अवसर पर आईआईटी, आईआईएम और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के छात्र उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और लोकतांत्रिक परंपराओं के बारे में छात्रों को विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का ‘हैप्पीएस्ट स्टेट’ है और सरकार हरित हिमाचल और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण की दिशा में कई नवोन्मेषी पहल कर रही है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया और छात्रों को नेतृत्व, नैतिकता और समर्पण के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
सुक्खू ने कहा कि पैट्रोल-डीजल वाहनों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों में बदला जा रहा है और प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों को बताया कि आगामी दस वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव लाए जाएंगे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे। छात्र संसद कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सिर्फ़ किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संसद और प्रशासन के कार्यप्रणाली का अनुभव भी मिलता है। इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार नरेश चौहान, गोकुल बुटेल और छात्र संसद के अध्यक्ष आदित्य बेगड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




















