Ï
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने अपने 55वें स्थापना दिवस के अवसर पर हमीरपुर के अणु सिंथेटिक ट्रैक पर भव्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और प्रदेश को ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ बनाने का कड़ा संदेश देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के संयोजक नरेश ठाकुर ने शिरकत की, जबकि एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर और युवा प्रवक्ता चंदन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन को रोकने और युवाओं को जागरूक करने के लिए एनएसयूआई लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में स्थापना दिवस को ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ की थीम पर मनाया जा रहा है, जिसमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का प्रयास किया गया और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आज प्रदेश भर के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यातिथि नरेश ठाकुर ने एनएसयूआई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से न केवल चिट्टा जैसे खतरनाक नशे के बढ़ते प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि युवा पीढ़ी को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी किया जा सकेगा।















