सिधिविनायक टाइम्स शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 13 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शिमला आगमन पर जिस प्रकार हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ा, उसने हिमाचल प्रदेश की राजनीति की दिशा स्पष्ट कर दी है। राजधानी शिमला में बना माहौल ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रहा, जो केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाले समय में सत्ता परिवर्तन का संकेत है। डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार में भाजपा एवं एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का यह पहला हिमाचल दौरा था। इस अवसर पर जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह, समर्थन और भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रदेश का जनमानस वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुका है और बदलाव के लिए तैयार है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/himachal-pradesh-team-departs-for-kolkatsenior-nationachampionship/
उन्होंने कहा कि 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कुशासन और विफलताओं के खिलाफ जिस प्रकार हजारों लोग सड़कों पर उतरे थे, उसी क्रम में 13 दिसंबर को शिमला में हुआ यह विशाल आयोजन एक और बड़ा राजनीतिक संदेश है। यह साफ दर्शाता है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का भविष्य अब सुरक्षित नहीं है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में तथ्यों और सटीक आंकड़ों के साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने बताया कि किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है, जबकि प्रदेश सरकार उन योजनाओं को रोककर जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। डॉ. राजीव बिंदल ने इस भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आयोजकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र सहित किन्नौर, स्पीति, आनी और करसोग से पहुंचे कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार जताया और प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया, जिन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का गर्मजोशी से स्वागत किया।





















