सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पटवार एवं कानूनगो महासंघ, कुल्लू के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष ऋषभ डोगरा, राज्य प्रेस सचिव युवराज तथा जिला प्रेस सचिव चन्दन कुमार के नेतृत्व में विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर से भेंट की। इस दौरान महासंघ ने 16 जनवरी को पटवार वृत्त कायस में ड्यूटी के दौरान पटवारी भोप सिंह के साथ हुई मारपीट की घटना में आरोपी की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया। महासंघ ने बताया कि विधायक से हुई सकारात्मक चर्चा और मिले आश्वासन के उपरांत जिले के सभी पटवारी और कानूनगो पुनः अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/winter-carnival-kicks-off-in-manal/
महासंघ के अनुसार प्रदेश सरकार की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में सुरक्षा तथा विश्वास की भावना और मजबूत हुई है। साथ ही महासंघ ने सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएँ, ताकि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















