सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए पीएमजीएसवाई–IV के तहत एक बड़ी खुशखबरी आई है। केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र की 17 ग्रामीण सड़कों के स्तरोन्नयन के लिए लगभग 120 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह मंजूरी ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत मिली है, जिससे हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों को सीधे लाभ मिलेगा। बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी ने इन परियोजनाओं की एक साथ स्वीकृति को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद किया। बंजार लोक निर्माण विभाग मंडल के अंतर्गत जिन सड़कों को स्वीकृति मिली है, उनमें देहुरी–शनाड़, बरनागी–माशियार, चलैन–देवगढ़, बलागाड़–भरठीधार, गुशैनी–पेखड़ी–तिदर, बरनागी–चिपनी, मंढी संपर्क सड़क, डिंबरचाहड़ी–गुशैनी, बागीकोठी–चेहनी–मियागी, बिनी–खंडरागी, बठाहड़–शिल्ल–शरुंगर, टील–बछूट, जिभी–रशाला–सरठी, देउठा–जवाली, गलवाहधार–रंबी, घर्टगाड़–कड़ाहिल तथा गोड़ीगाड़–थनीचेड शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/cow-service-gets-boost-dc-launches-new-portal/
विधायक शौरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की नींव 2000 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में रखी गई थी, जिसने ग्रामीण भारत में सड़क क्रांति की शुरुआत की। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इन योजनाओं के लिए मिले धन का सही उपयोग करेगी और कहा कि केंद्र से बजट न मिलने का दावा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।शौरी ने यह भी विश्वास जताया कि आने वाले कुछ वर्षों में बंजार विधानसभा क्षेत्र बेहतर और आधुनिक सड़क नेटवर्क से पूरी तरह जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को सड़कों के माध्यम से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।





















