सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कांगड़ा स्थित शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में घृत पर्व के अवसर पर माता के दरबार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इस पावन पर्व पर माता की पिंडी को लगभग 18 क्विंटल मक्खन से अलंकृत किया गया है, वहीं श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए साढ़े पांच फीट ऊंची मक्खन से निर्मित विशेष पिंडी भी स्थापित की गई है, जिसके दर्शन अगले सात दिनों तक किए जा सकेंगे। घृत पर्व की शुरुआत के साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पहले ही दिन आठ हजार से अधिक भक्तों ने माता के चरणों में शीश नवाया। माता के मक्खन श्रृंगार का कार्य बुधवार सायंकाल प्रारंभ होकर देर रात तक चलता रहा, जिसके उपरांत गुरुवार सुबह आरती संपन्न की गई।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ord-district-meet-in-kullu-tightening-grip-on-drugs/
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भीड़ के कारण ऑनलाइन माध्यम से ही माता के दर्शन कर सके। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस वर्ष श्रद्धालुओं द्वारा 26 क्विंटल से अधिक देसी घी दान स्वरूप अर्पित किया गया, जिससे निर्धारित मात्रा में मक्खन तैयार कर माता के दिव्य श्रृंगार को पूर्ण किया गया। घृत पर्व के चलते आने वाले दिनों में भी माता बज्रेश्वरी देवी के दरबार में श्रद्धालुओं का तांता लगे रहने की संभावना है।





















