सिधिविनायक टाइम्स शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जुब्बल में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि प्राप्त छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने ख्याति धान्टा की प्रीति, कोटखाई की रिया और सिरमौर की छात्रा रिया को चीन में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। मंत्री ने कहा कि ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल क्षेत्र का पुराना और प्रतिष्ठित संस्थान है और अब इसे सीबीएसई से मान्यता मिल चुकी है। उन्होंने आशा जताई कि इससे शिक्षा के स्तर में सुधार होगा और विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।यह खेल छात्रावास जिला शिमला का प्रमुख खेल प्रशिक्षण केंद्र है, जहाँ वर्तमान में 55 छात्राएं वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रही हैं। 2025 में 33 छात्राएं राष्ट्रीय स्तर और 3 छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुई हैं। मंत्री ने छात्राओं को उनके प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है और प्रदेश में कुल 9 खेल छात्रावास संचालित हैं। उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल खेल छात्रावास (कन्या) सबसे बड़ा छात्रावास बनकर उभरा है। इसकी स्थापना 1987 में हुई थी और अब इसमें वॉलीबॉल और कबड्डी की 20-20 सीटों तथा बैडमिंटन की 15 सीटों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नए भवन के निर्माण पर 2 करोड़ 27 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रोहित ठाकुर ने कहा कि खेलों का छात्र जीवन में विशेष महत्व है। इससे स्वास्थ्य में सुधार होता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। सरकार ने खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये किया है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन पर सम्मान देने का प्रावधान किया है।
राजकीय चिकित्सालय जुब्बल में गतिविधियों का निरीक्षण
कार्यक्रम के अगले चरण में शिक्षा मंत्री ने राजकीय चिकित्सालय जुब्बल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बताया कि विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थिति को बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि अस्पताल में ईसीजी मशीन स्थापित कर दी गई है और एक्स-रे मशीन को दुरुस्त किया गया है। सर्दी के मौसम में मरीजों की सुविधा के लिए बिजली हीटर, कंबल और स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने खाली पड़े नर्सिंग और अन्य कर्मचारियों के पद भरने का भी आश्वासन दिया।
सरहाना गाँव के शेर सिंह शर्मा को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने सरहाना गाँव के शेर सिंह शर्मा को भी सम्मानित किया। शेर सिंह शर्मा पंचायती राज विभाग से सेवानिवृत अधिकारी हैं और कई वर्षों से अपने पेंशन से अस्पताल प्रशासन को हर महीने 1000 रुपये दान करते हैं। मंत्री ने उनके इस सेवा भाव की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।





















