धर्मशाला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने घर-घर संपर्क अभियान देहरा में कहा कि सत्ता का दुरुपयोग लंबे समय तक नहीं चलेगा। हिमाचल में विधानसभा में भाजपा की संख्याबल बढ़ेगी और कांग्रेस की नाक में नकेल डाल, कांग्रेस को कसा जाएगा। भाजपा इन तीनों उपचुनावों में जीत हासिल करेगी, क्योंकि जनता को हिमाचल में तानाशाही सरकार पसंद नहीं है।
डॉ बिंदल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल की प्रगती एवं विकास के लिए काम किया है, हिमाचल में करोड़ों के काम किए हैं पर इस कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में चले चलाए कामों को भी बंद कर दिया। जिस सरकार ने पूरे प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया हो अब चुनावों के समय विकास की रोशनी के झूठे वायदे कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसी सरकार केवल मात्र डरा-धमका कर वोट हासिल करना चाहती है और उसमें यह असफल रहेगी। यह सरकार केवल मात्र भ्रष्टाचार और माफिया राज को बढ़ावा देने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री बताएं कि भ्रष्टाचार के मामलों पर वह और उनका मित्रमंडल चुप क्यों है ? हिमाचल में दादागिरी कौन फैला रहा है ? अगर आप मौन हैं तो इसका मतलब आप यह स्वीकार करते हो कि आपकी यह सरकार भ्रष्ट है।