मणिपुर : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज (14 जनवरी) को भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर के थौबल में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू विशेष रूप से शामिल हुए। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पीएम मोदी वोट मांगने के लिए मणिपुर आते हैं, लेकिन जब मणिपुर के लोग मुसीबत में होते हैं तो वह अपना चेहरा नहीं दिखाते हैं। ‘वो समुद्र पर सैर करते हैं। वह राम-राम करते हैं, लेकिन उनके ‘मुख में राम, बगल में छुरी’। लोगों के साथ ऐसा मत करो। भगवान में सबकी आस्था है, लेकिन वोट के लिए ऐसा मत करो। ये लोग (बीजेपी) लोगों को भड़काने के लिए धर्म का मिश्रण करते हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं 2004 से राजनीति में हूं। पहली बार मैंने भारत में एक ऐसी जगह का दौरा किया जहां शासन का पूरा बुनियादी ढांचा ढह गया है। 29 जून के बाद से मणिपुर विभाजित हो गया और नफरत फैल गई। मणिपुर में फैली नफरत से लाखों लोगों का नुकसान हुआ। लोगों ने अपनी आंखों के सामने अपनों को खोया। अब तक भारत के पीएम आपके आंसू पोंछने और आपका हाथ थामने नहीं आए। ये शर्मनाक बात है। शायद पीएम मोदी, बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है।