सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सुलह विधानसभा क्षेत्र की सभी पात्र महिलाओं को ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ के तहत 1500 रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का सुलह में नया डिवीजन खोलने और भवारना को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं और विकास कार्यों को और गति मिलेगी मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार दे रही है और आगामी पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे उन्हें दीर्घकालिक नौकरी एवं ओपीएस की सुविधा मिलेगी। सुक्खू ने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि एक वर्ष के भीतर टांडा मेडिकल कॉलेज सहित सभी प्रमुख अस्पतालों में एम्स जैसी तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी और सभी पीएचसी में डॉक्टर नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और वर्तमान सरकार के प्रयासों से हिमाचल गुणात्मक शिक्षा के मामले में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/organ-donation-awareness-session-inspires-nss-volunteers-at-mcm-dav-college/
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने धन का सही उपयोग नहीं किया और कई सरकारी भवन खाली पड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चिट्टे के माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और सामाजिक सुरक्षा के लिए कमजोर वर्गों के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। इस मौके पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने प्राकृतिक खेती, पशुपालन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि ढगवार में स्थापित हो रहे मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा। वहीं राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन संजय सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं से क्षेत्र में विकास के कार्य तेज गति से चल रहे हैं और सुलह में सब्जी मंडी के निर्माण से किसानों को लाभ होगा। कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रियों, अधिकारियों और स्थानीय नेताओं सहित बड़ी संख्या में जनसमूह मौजूद रहा।





















