सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला । जिला कुल्लू में प्राचीन तीन दिवसीय शिवरात्रि मेले का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हो गया है। धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक संस्कृति के प्रतीक इस मेले में क्षेत्र भर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मेले में संगम महादेव, घटोत्कच देवता, दो पांचवीर, वंशीरा देवता और चंद्रमौली देवता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की गरिमामयी उपस्थिति से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
दिन के समय मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना और देव मिलन का आयोजन किया जा रहा है, जबकि रात होते ही पारंपरिक कुल्लवी नाटी और लोक वाद्ययंत्रों की धुनों से पूरा क्षेत्र गूंज उठता है। स्थानीय लोगों के लिए यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। मेले के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है और बाजारों में भी खासा रौनक देखने को मिल रही है।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















