लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन देश भर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भी बेहद खास अंदाज में मनाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हमीरपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर एक फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर आम जनता को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए तरबूज और खरबूज बांटे। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने राहुल गांधी को जनहित की लड़ाई लड़ने वाला देश का सच्चा सिपाही बताया।
हमीरपुर के गांधी चौक पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले भारी उत्साह देखने को मिला। मौका था कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन का। इस अवसर को जनसेवा से जोड़ते हुए कांग्रेस नेताओं ने चौक पर आने-जाने वाले राहगीरों, स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी मात्रा में फल वितरित किए। झुलसाने वाली गर्मी के इस मौसम में कांग्रेस का यह प्रयास लोगों के लिए काफी कारगर साबित हुआ। फल वितरण की खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग गांधी चौक पहुंचे और फलाहार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पार्टी के तमाम स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राहुल गांधी की दीर्घायु और मजबूत राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए हमीरपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि हमारे प्रिय नेता राहुल गांधी जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की तरफ से आज गांधी चौक पर फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। राहुल गांधी जी आज देश में जनता के हितों की, गरीबों की और युवाओं की लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ रहे हैं। जो ताकतें आज हमारे देश को धर्म, जाति और नफरत के नाम पर बांटने में लगी हुई हैं, उनके मंसूबों को राहुल गांधी जी कभी पूरा नहीं होने देंगे। वह देश की एकता और अखंडता के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।




















