कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गई है। ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही वोटरों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। पहले चरण में जिले की 85 ग्राम पंचायतों के कुल 1,14,072 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
चुनाव को निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराने के लिए प्रशासन ने पूरे जिले में 511 पोलिंग बूथ बनाए हैं। मतदान ड्यूटी को सही से निभाने के लिए 2,044 चुनाव कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 869 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। विशेष रूप से ग्राम पंचायत मौहल के कुल 9 बूथों पर वोटिंग को लेकर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी हुई है।
प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं और अधिकारियों द्वारा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से बिना किसी डर के बढ़-चढ़कर मतदान करने और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाने की अपील की है।














