कांगड़ा/धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आगामी आईपीएल मैच के लिए रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) की टीम शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे विशेष चार्टर विमान से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और आरसीबी की टीम के पहुंचते ही पूरे एयरपोर्ट परिसर में क्रिकेट प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए युवा, बच्चे और क्रिकेट प्रेमी सुबह से ही एयरपोर्ट के बाहर पलकें बिछाए इंतजार कर रहे थे। जैसे ही खिलाड़ी बाहर आए, पूरा एयरपोर्ट परिसर ‘आरसीबी’ और ‘विराट कोहली’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इसके बाद सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच टीम को एयरपोर्ट से सीधे धर्मशाला के होटल के लिए रवाना किया गया।
धर्मशाला में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर स्थानीय लोगों और देश-विदेश से पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम धर्मशाला में अपना मुकाबला जीतकर वापस लौट चुकी है। अब आगामी 17 मई को इस खूबसूरत मैदान पर आईपीएल टूर्नामेंट का 61वां और धर्मशाला सीजन का तीसरा मुकाबला खेला जाना है। रविवार को होने वाले इस रोमांचक मैच में आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से होगा, जिसके लिए दोनों टीमें मैदान पर पसीना बहाने को तैयार हैं।



















