धर्मशाला के सुरम्य एचपीसीए स्टेडियम में आईपीएल के तीन मैचों की मेजबानी के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इन मैचों के सफल और निर्विघ्न आयोजन के लिए एचपीसीए के अधिकारियों ने रविवार को आराध्य देव भगवान इंद्रूनाग के दरबार में हाजिरी लगाई। इस अवसर पर मंदिर में विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया और एचपीसीए द्वारा विशाल भंडारा भी लगाया गया।
एचपीसीए के सचिव मनु शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 11, 14 और 17 मई को होने वाले इन मुकाबलों के लिए मैदान पूरी तरह से तैयार है। इन मैचों में पंजाब किंग्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी बड़ी टीमों से होगा। टिकटों के बारे में उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब किंग्स के मैच ऑफिशियल जल्द ही धर्मशाला पहुंचने वाले हैं, जिसके बाद क्रिकेट प्रेमियों के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू कर दी जाएगी।
मैचों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जल्द ही जिला प्रशासन के साथ बैठक कर एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि दर्शकों और पर्यटकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


















