नगर निगम हमीरपुर की विकासात्मक परियोजनाओं को गति देने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का मुख्य केंद्र हमीरपुर के वर्तमान अंतर्राज्यीय बस अड्डे की जगह पर प्रस्तावित भव्य सिटी सेंटर का निर्माण और बस अड्डे को नए निर्माणाधीन परिसर में शिफ्ट करना रहा।
उपायुक्त ने नगर निगम, एचआरटीसी और तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए हैं कि वर्तमान बस अड्डे की जमीन की गिफ्ट डीड की प्रक्रिया को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए ताकि प्रोजेक्ट आगे बढ़ सके। इसके साथ ही बस अड्डे से डीजल पंप को शिफ्ट करने की चुनौती पर भी चर्चा हुई जिसके लिए लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है।
प्रशासनिक स्तर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नगर निगम में शामिल हुई नई ग्राम पंचायतों की सभी संपत्तियों का हस्तांतरण निगम को अतिशीघ्र कर दिया जाए। साथ ही ट्राला यूनियन के लिए जमीन के एफआरए संबंधी मामलों को भी प्राथमिकता पर तैयार करने के निर्देश दिए गए। शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए पशुपालन विभाग को निगम के साथ समन्वय बिठाकर नसबंदी और वैक्सीनेशन अभियान चलाने तथा कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए भी निर्देशित किया गया है।




















