धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने प्रेस के नाम जारी वक्तव्य में अवगत कराया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के “Scheduled Tribe Development” विभाग के तत्वावधान में Eklavya Model Residential School Selection Test-2026 का आयोजन दिनांक 29 मार्च 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों में स्थापित परीक्षा केंद्रों—चंबा (होली, भरमौर, किल्लर-पांगी), कांगड़ा (दाड़ी), किन्नौर (निचार, पूह, रिकांग पियो) तथा लाहौल-स्पीति (कुकुमसेरी, काजा, केलांग) में आयोजित की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को सुगम परीक्षा सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
डॉ. शर्मा ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा के लिए 959 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) दिनांक 25 मार्च 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने Application Number एवं जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश पत्र डाक द्वारा अलग से नहीं भेजे जाएंगे।
उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। साथ ही, किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवसों में बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।



















