बिलासपुर, 19 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के सबसे कड़े मुकाबले ओपन सिंगल वर्ग में देखने को मिले, जहां मोहित ने अपने बेहतरीन खेल की बदौलत खिताबी जीत हासिल की, जबकि वंश को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
वहीं ओपन डबल्स श्रेणी में राहुल और अर्जुन की जोड़ी ने अपनी आक्रामक खेल शैली से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि मोहित और प्रिंस की जोड़ी उपविजेता रही। युवा खिलाड़ियों के अंडर-19 डबल्स वर्ग में रिधम और वंश की जोड़ी चैंपियन बनकर उभरी और हर्षित व दिशांत की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। अनुभवी खिलाड़ियों के वर्गों में भी रोमांच की कमी नहीं रही; 90 प्लस डबल्स में कपिल और मनोज ने जीत का परचम लहराया, जबकि अजितेश और ग्रुप कैप्टन आर.एस. राजपूत की जोड़ी उपविजेता रही। इसी तरह 80 प्लस डबल्स में मनोज और पवन की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि अनिल और नवजोत की जोड़ी उपविजेता रही। 70 प्लस डबल्स मुकाबले में कपिल और राहुल की जोड़ी विजयी रही और राजकुमार व अजितेश की जोड़ी उपविजेता बनी।
इस भव्य आयोजन के समापन अवसर पर उपायुक्त के सहायक आयुक्त राज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने में भी मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के रोमांच को इस आयोजन की असली सफलता बताया।



















