हमीरपुर,हमीरपुर जिला के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बडू हमीरपुर में कथित रूप से अशुद्ध पानी पीने के कारण 20 से अधिक विद्यार्थी बीमार हो गए हैं। बीमार छात्रों में पीलिया, उल्टियां और अन्य संक्रमण के लक्षण सामने आने से संस्थान में हड़कंप मच गया है और छात्रों व अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर इकाई के पदाधिकारियों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही करार दिया है। उनका कहना है कि कॉलेज परिसर में स्थापित पानी की टंकियों की नियमित और वैज्ञानिक तरीके से सफाई नहीं की गई, जिसके चलते पानी दूषित हुआ और छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिषद ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते सफाई और निगरानी की जाती तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
एबीवीपी के विभाग संयोजक भवानी सिंह ठाकुर ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने बताया कि प्रभावित विद्यार्थियों में से एक छात्र की हालत अत्यंत गंभीर हो गई थी। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा, जहां उसका इलाज जारी है।उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर संवेदनशीलता और तत्परता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। एबीवीपी ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही जल स्रोतों, पानी की टंकियों और सीवरेज व्यवस्था का वैज्ञानिक परीक्षण कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि वास्तविक कारण सामने आ सके।
















