सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। देव सदन में बुधवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय पीढ़ीगत सम्बद्धता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संरक्षित वृद्धावस्था योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सामाजिक सशक्तिकरण और नई तथा पुरानी पीढ़ी के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी कुल्लू निशांत ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव से युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने परिवार और समाज में वृद्धजनों के सम्मान और देखभाल की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि सोशल मीडिया के इस युग में युवा और वृद्ध पीढ़ी के बीच दूरियाँ बढ़ रही हैं, जिससे सामाजिक स्तर पर नुकसान हो रहा है।
कार्यशाला में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, मानसिक स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली, सामाजिक सुरक्षा और उनके समाज में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही युवा पीढ़ी और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद एवं सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सहभागिता, साइबर ठगी और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की ताकि वरिष्ठ नागरिक उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें और धोखाधड़ी से बच सकें। इस अवसर पर पूर्व आईएएस हँस राज ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारीलाल शर्मा, जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इस प्रकार की कार्यशालाओं के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वरिष्ठ नागरिक सम्मानजनक और सक्रिय जीवन जी सकें और युवा पीढ़ी और वृद्धजनों के बीच बढ़ती दूरी को कम किया जा सके।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।




















