सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला और कांगड़ा जिले के भाजपा विधायकों की विधायी प्राथमिकता बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और निधियों के अवरोध को लेकर सत्तापक्ष पर निशाना साधा गया। भाजपा विधायक विपिन परमार ने सचिवालय के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक को केवल औपचारिकता बनाकर रखा गया है, जबकि वास्तविक मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायकों ने विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और लंबित डीपीआर से जुड़े मामलों को उठाया, लेकिन इसके बावजूद काम आगे नहीं बढ़ रहे हैं। परमार ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से सड़क, फ्लो इरिगेशन और पेयजल योजनाओं के लिए धन स्वीकृति की प्रक्रिया लंबित है, जबकि डीपीआर भी तैयार नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार विधायी प्राथमिकता बैठक कर रही है तो विधायकों की प्राथमिकता किट्टी की राशि बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि क्षेत्रीय विकास कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक क्षेत्र विकास निधि की दो किस्तें बंद कर दी गई हैं और जो किस्त जारी भी हुई है, वह जिलाधिकारी स्तर से स्वीकृत होने के बावजूद ट्रेजरी से भुगतान नहीं हो रहा। इसी तरह ऐच्छिक निधि का भुगतान भी रोक दिया गया है, जिसका उपयोग गरीब, बीमार परिवारों, बेटियों के विवाह और युवा खिलाड़ियों को सहायता देने के लिए होता है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/shori-highlights-banjars-developmeserious-issue-before-cm/
बैठक में अन्य भाजपा विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के मुद्दे मजबूती से उठाए। विधायक विक्रम ठाकुर ने क्षेत्रीय विकास कार्यों पर तथ्यात्मक प्रस्तुति दी, पवन काजल ने शिक्षा और सड़कों से जुड़े विषयों को उठाया, जबकि रणवीर सिंह निक्का ने चक्की क्षेत्र में अवैध खनन और बाहरी राज्यों के हस्तक्षेप को मुद्दा बनाया। परमार ने कहा कि वर्ष 2022 से पहले भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत अस्पताल, पुल, सड़क, भवन, रेस्ट हाउस, पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई जैसे कई विकास कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन पर एक भी पैसा जारी नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने स्पष्ट कहा है कि सरकार चाहे उद्घाटन का श्रेय ले, लेकिन अधूरे प्रोजेक्ट्स को तुरंत पूरा किया जाए। भाजपा ने सरकार से कहा है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार उठाए जा रहे मुद्दों पर अब औपचारिकता छोड़कर वास्तविक विकास पर ध्यान दिया जाए, अन्यथा वे इस दिशा में और कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।





















