सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर जिले के बरठीं में जिला प्रशासन की नई पहल ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का विधिवत शुभारंभ किया। यह एआई आधारित डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म खासकर उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम का अध्ययन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ‘पढ़ाई विद एआई’ छात्रों को समान अवसर प्रदान करेगा और डिजिटल शिक्षण व्यवस्था के साथ निरंतर अकादमिक काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/weve-takcrore-loan-cm-sukhu/
इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि एनटीपीसी के सहयोग से यह प्लेटफॉर्म आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नवाचारों को बढ़ावा दे रही है और सभी छात्रों तक शिक्षा के समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।





















