सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जायका) के मध्यावधि समीक्षा मिशन ने हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के तहत बुधवार को कांगड़ा जिले में हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (एचपीसीडीपी) के अंतर्गत चल रही गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान चैतड़ू में किसान उत्पादक संगठनों के संयुक्त मंच/महासंघ का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन जायका-इंडिया के मुख्य प्रतिनिधि एवं मिशन प्रमुख ताकेउची तकुरो ने किया। कार्यक्रम में कृषि सचिव डॉ. सी. पॉलरासु, जायका-इंडिया की प्रतिनिधि इवामोटो तएको, विकास विशेषज्ञ निष्ठा वेंगुरलेकर, परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान, हार्वेस्टिंग फार्मर्स नेटवर्क के सीईओ रुचित गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: https://sidhivinayaktimes.com/volunteers-trained-readymes-of-disaster/
यह महासंघ किसानों को संगठित कर उन्हें बाजार से जोड़ने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने और आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे एचपीसीडीपी और हार्वेस्टिंग फार्मर्स नेटवर्क के सहयोग से गठित किया गया है। इससे पूर्व मिशन ने परियोजना मुख्यालय हमीरपुर में पुनर्विनियोजन प्रस्तावों पर चर्चा की तथा एचपीसीडीपी कैलेंडर-2026 का विमोचन किया। इसके उपरांत मिशन दल ने पालमपुर में दवाड़ कुहल सिंचाई योजना और भट्ठू स्थित कृषि विभाग के मॉडल फार्म का निरीक्षण कर परियोजना प्रगति की समीक्षा की। जायका मिशन ने परियोजना के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे किसानों की आय वृद्धि और टिकाऊ कृषि विकास की दिशा में एक प्रभावी मॉडल बताया।





















