सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। बिलासपुर जिले के ग्राम देवली (घागस) में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से अंतर-पीढ़ी संवाद एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उम्र से जुड़ी चुनौतियों, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) प्रियंका वर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभवों को समझना तथा सम्मान देना युवा पीढ़ी का नैतिक दायित्व है। कार्यशाला में युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करते हुए पारिवारिक मूल्यों, आपसी समझ और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/baba-bhootnathsorm-devotees-overwhelmedemulawada-mahadev-visit/
कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, वहीं विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य सेवाओं, टेलीमेडिसिन, वित्तीय साक्षरता, कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा और आजीविका से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को कंबल वितरित किए गए। कार्यशाला के समापन पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में लगभग 130 वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।





















