सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कांगड़ा में 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक राज्य स्तरीय अंतर-राज्य युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र, छेब में आयोजित किया जा रहा है। इस पाँच दिवसीय कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए 35 युवा प्रतिभागी और दो अनुरक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, लोक जीवन और स्थानीय खान–पान से परिचित कराना है, साथ ही उन्हें कांगड़ा जिले के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का शैक्षिक भ्रमण भी कराया जाएगा। इसके अलावा साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/sukhu-govt-towards-green-energy-approves-solar-plangubbar/
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला लोक संपर्क अधिकारी विनय शर्मा, पीएनबी आरसेटी धर्मशाला के निदेशक मदन लाल तथा आरएचएफडब्ल्यूटीसी, छेब के प्रधानाचार्य राजीव कुमार गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। वक्ताओं ने युवाओं को आपसी संवाद, सांस्कृतिक समझ और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। यह कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त करने और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।





















