सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश से युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 1 लाख युवाओं को राजनीति में लाने के आह्वान के बाद हिमाचल के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आगामी 23 जनवरी को धर्मशाला से एक लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम शुरू करने का ऐलान किया है। यह पहल राज्य के युवाओं को राजनीति, नीति-निर्माण और नेतृत्व की अगली पीढ़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से की जा रही है। इस कार्यक्रम के पहले चरण में वरिष्ठ पत्रकारों, प्रतिष्ठित संस्थानों और जेन-जी इन्फ्लूएंसरों के साथ एक संवाद सत्र और भोजन बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी पर चर्चा होगी। दिल्ली में हिमाचल भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार 1 लाख युवाओं को राजनीति में लाने का आह्वान किया है, जिसके अनुरूप उन्होंने यह लीडरशिप फेलोशिप शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम हिमाचल के हजारों युवाओं को नेतृत्व, कौशल और नीति समझ विकसित करने में मदद करेगा, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/politics-heatdisaster-relief-in-himachal-jairam-thakur-demands-probe/
अनुराग सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि यह पहल राजनीति-कुशल, शासन-क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता से युक्त नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी संपत्ति है। मोदी सरकार द्वारा युवा सशक्तिकरण के लिए बनाए गए कई कार्यक्रमों के साथ ‘युवा भारत’ जैसे प्लेटफॉर्म ने युवाओं को सेवा, नेतृत्व और कौशल विकास के नए अवसर दिए हैं। हिमाचल में भी युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसद खेल महाकुंभ, सांसद भारत दर्शन और ‘एक से श्रेष्ठ’ जैसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है। इस क्रम में धर्मशाला से शुरू होने वाली यह नई लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम युवा शक्ति को राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रूप से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





















