सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को प्रोत्साहन और स्थानीय समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में भारतीय सेना ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए 20 जनवरी 2026 को नामग्या में नवनिर्मित पर्यटक सुविधा केंद्र को जनता को समर्पित किया। इस केंद्र का उद्घाटन लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, उत्तर भारत ने नागरिक प्रशासन के प्रतिनिधियों और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। शिपकी ला दर्रे के पर्यटकों के लिए खोले जाने के बाद इस सुविधा केंद्र का विशेष महत्व है, जो यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आरामदायक ठहराव उपलब्ध कराएगा। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस केंद्र से रेओ पुर्ग्यिल शिखर और सतलुज घाटी का मनोहारी दृश्य दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/imachals-scrapping-centre-dashe-old-vehicles/
यहां पर्यटकों के लिए विश्राम, जलपान और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि इस केंद्र से अर्जित आय का उपयोग नमग्या, खाब और ताशीगंग गांवों के मेधावी छात्रों को प्रतिष्ठित संस्थानों से ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने में किया जाएगा। यह परियोजना भारतीय सेना की सामुदायिक कल्याण, सैन्य-नागरिक सहयोग और दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे आने वाले समय में नमग्या गांव सतलुज घाटी के एक महत्वपूर्ण पारगमन केंद्र के रूप में उभरने की संभावना है।





















