सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। ग्रामीण महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बदाह-2 में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत स्थापित यह क्लस्टर क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोज़गार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। इस क्लस्टर के माध्यम से लगभग 120 स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित कृषि और बागवानी उत्पादों का प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन कर उन्हें स्थानीय और बाहरी बाजारों तक पहुँचाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/proposed-public-rally-in-sulah-meeting-on-security-and-arrangements/
उपायुक्त ने कहा कि एक ही स्थान पर खेती, पशुपालन और सहायक कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की लागत घटेगी और आय में वृद्धि होगी। उन्होंने महिलाओं से आधुनिक व वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने क्लस्टर का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। इस दौरान परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण दयाराम सहित NRLM के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















