सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 22 जनवरी 2026 को सुलह विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और कुछ नए विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद वह सुलह दशहरा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्रवासियों को योजनाओं की सौगात दी जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान की अध्यक्षता में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर, अक्षैणा में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुलह विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विकास कार्यों के माध्यम से लाभान्वित करेंगे और जन प्रतिनिधियों तथा स्कूली छात्रों को चिट्टे के खिलाफ शपथ भी दिलवाई जाएगी। संजय चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं और सभी विभागों द्वारा पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने विभिन्न विभागों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने को कहा, ताकि दौरा सुचारू और सफल रूप से संपन्न हो सके। बैठक के बाद उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पालमपुर नेत्रा मेती, एसडीएम धीरा सलीम आज़म तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।





















