सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन के नामांकन कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश भाजपा की टीम की मौजूदगी ने एक बार फिर पार्टी के मजबूत संगठनात्मक लोकतंत्र और अनुशासन को उजागर किया। दिल्ली के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में प्रदेश से नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सह-प्रभारी संजय टंडन, सांसद सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक पवन कुमार काजल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा में नेतृत्व चयन पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होता है और यह ‘संगठन पर्व’ पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा-आधारित और कैडर-आधारित संगठन है, जहाँ निर्णय कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक मिलकर लिए जाते हैं, और यही संगठन की मजबूती का आधार है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/sanjay-katwals-claim-bjp-runs-on-democratic-principles-not-nepotism/
दिल्ली में हिमाचल की इस एकजुटता ने यह संदेश दिया कि प्रदेश संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में पूरी सक्रियता से योगदान देगा। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 21 जनवरी से कांगड़ा जिला के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे, जहाँ वे नगरोटा बगवां और धर्मशाला में मंडल बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, शहरी विकास एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार भेंट की, जिसमें प्रदेश के विकास, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र से सहयोग की आवश्यकता पर चर्चा हुई। यह मुलाकात हिमाचल प्रदेश के हितों को मजबूती देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




















