सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पतलीकूहल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 2.286 किलोग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जनवरी 2026 को थाना पतलीकूहल के प्रभारी इंस्पेक्टर रजत अपनी पुलिस टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम शरण गांव से लगभग 500 मीटर आगे एक मोड़ के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिसके चलते पुलिस ने उसे जांच के लिए रोक लिया। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति के कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद की गई, जिसका वजन 2.286 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान बिशन दास (52 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्री काली दास, निवासी गांव शरण, डाकघर नग्गर, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई। बरामद की गई चरस को पुलिस ने मौके पर नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/patients-to-get-world-class-medicines-now-govmanufacturers/
इस संबंध में थाना पतलीकूहल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 08/2026, दिनांक 18 जनवरी 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच स्वयं थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजत द्वारा की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशे की इस खेप को कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी युवाओं और समाज के लिए एक गंभीर खतरा है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।





















