सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश के मरीजों को केवल मानक और विश्वसनीय दवाएं ही उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लगभग 100 करोड़ रुपये की दवाओं की खरीद के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसमें प्रतिष्ठित दवा निर्माता कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि दवाएं बिचौलियों के बजाय सीधे दवा निर्माता कंपनियों से खरीदी जाएं, ताकि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/cabinet-meeting-big-decisions-on-development-and-welfare/
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर दवा गुणवत्ता से जुड़े नियमों को और सख्त करने के लिए ड्रग्स एक्ट में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, लेकिन प्रत्येक खर्च जनहित और पारदर्शिता के सिद्धांत पर आधारित होना चाहिए। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाए जा रहे इन कदमों से सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।





















